ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पटाखों का अवैध भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी इलाके में एक रिहायशी फ्लैट के अंदर से लाखों रुपये के पटाखों से भरे कार्टून बरामद हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। मौके का नजारा देख अधिकारियों के होश उड़ गए। फ्लैट के अंदर कमरों में पटाखों के बंडल और कार्टून ठसाठस भरे हुए थे। पुलिस को कई टेंपो मंगवाने पड़े, जिनमें लादकर पटाखों के कार्टूनों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को थाना बिसरख पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार अवैध पटाखों के गौदाम पर छापेमारी करते हुए अभियुक्त नितिन गर्ग
को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये के अवैध पटाखें बरामद किए गए है।
घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह के अवैध भंडारण से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। एक छोटी सी चिंगारी पूरे अपार्टमेंट को आग के हवाले कर सकती थी। पटाखों के भंडारण को लेकर सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
पुलिस द्वारा पटाखों को जब्त कर लिया है और फ्लैट मालिक व पटाखा कारोबारी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इसके लिए सोसाइटी या स्थानीय लोगों की मिलीभगत थी और बिना लाइसेंस के इतना बड़ा स्टॉक कहां से लाया गया।
