गाजियाबाद थाना मुरादनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मिल्क रावली गांव में रविंद्र शर्मा के घर पर कुछ लोगों द्वारा फायरिंग की गई थी। इसकी शिकायत पर चौकी तथा थाने की पुलिस फोर्स मौके पर गई और आरोपी मोंटी घर पर मौजूद नहीं था। इसके बाद पीड़ित रविंद्र शर्मा व उनके परिजनों द्वारा थाने पर आकर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही थी। इस दौरान उनके परिजन तथा उनके कुछ परिचित थाने के बाहर सड़क पर थे वहां पर उनको सड़क के दूसरी तरफ आरोपी मोंटी व उसका साथी अजय दिखाई पड़ा। इन लोगों द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया इसी दौरान मोंटी द्वारा फायर किया गया जिसमें रविंद्र शर्मा के पुत्र रवि शर्मा को गोली लगी जिन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां पर उनकी मृत्यु हो गई। इसके उपरांत रविंद्र शर्मा तथा उनके परिजनों द्वारा दर्ज़ कराई गई अफआईआर में इसी गांव के मोंटी व अजय को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि,मामला दर्ज़ कर लिया गया है,और आगे की कार्यवाही की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। टीमें गठित कर दी गई हैं। गिरफ्तारी का सतत प्रयास किया जा रहा है, आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएगे।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी के अनुसार मुरादनगर थाने के बाहर युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। अभी तक की जांच में आया है कि गांव में दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पता चला है कि एक आरोपी पूर्व में पोक्सो एक्ट में जेल गया था, जो जमानत पर जेल से बाहर था। इस मामले में पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद दोबारा थाना प्रभारी मुरादनगर चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
