NCR NEWS

ग्रेटर नोएडा वेस्ट,चार मूर्ति अंडरपास की धीमी रफ्तार के खिलाफ नेफोमा का प्रदर्शन।

ग्रेटर नोएडा नोएडा एक्सटेंशन के चार मूर्ति चौक पर लंबे समय से जारी ट्रैफिक जाम और निर्माणाधीन अंडरपास की धीमी गति के विरोध में नेफोमा ने रविवार को सांकेतिक प्रदर्शन किया। नेफोमा पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंडरपास का निर्माण जल्द पूरा कराने और यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग की।

नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तेजी से बढ़ती आबादी के अनुपात में यातायात व्यवस्था विकसित नहीं हो पाई है। लाखों निवासी रोजाना जाम की समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि चार मूर्ति चौक का अंडरपास जाम से स्थायी राहत की उम्मीद था, लेकिन निर्माण में लगातार हो रही देरी से लोगों की परेशानी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि अंडरपास के निर्माण और उद्घाटन को लेकर प्राधिकरण की ओर से अलग-अलग समयसीमा बताई जाती रही है। वर्ष 2024 में निर्माण शुरू हुआ था और बाद में इसे जून तथा फिर 15 अगस्त 2026 तक शुरू किए जाने की संभावना जताई गई। नेफोमा का आरोप है कि उद्घाटन की तारीख कई बार आगे बढ़ चुकी है। संगठन ने परियोजना की लागत में हुई बढ़ोतरी और निर्माण में देरी की भी जांच की मांग की है।

नेफोमा संगठन मंत्री कृष्णा नंद ने बताया कि करीब 720 मीटर लंबे अंडरपास की लागत लगभग 92 करोड़ रुपये है और इसकी मूल निर्माण समयसीमा 18 महीने निर्धारित की गई थी। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान डायवर्जन और संकरी सड़कों के कारण चार मूर्ति चौक तथा आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव और बढ़ गया है। उन्होंने आपातकालीन वाहनों के लिए निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराने की मांग भी की।

नेफोमा कोषाध्यक्ष उमेश सिंह ने कहा कि जाम के कारण नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यातायात समस्या का असर स्थानीय व्यापार और क्षेत्र की छवि पर भी पड़ रहा है।

नेफोमा ने प्राधिकरण से अंडरपास का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा करने, अंतिम उद्घाटन तिथि सार्वजनिक करने, निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करने और वैकल्पिक मार्गों की यातायात व्यवस्था बेहतर करने की मांग की। साथ ही एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों के लिए निर्बाध कॉरिडोर तथा चार मूर्ति चौक से तिगड़ी गोलचक्कर तक सर्विस रोड के चौड़ीकरण का काम समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग की गई।

अन्नू खान ने कहा कि प्रदर्शन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों की यातायात समस्या के समाधान के लिए किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में जल्द तेजी नहीं लाई गई तो नेफोमा स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय करेगा।

इस मौके पर नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान, संगठन मंत्री कृष्णा नंद, कोषाध्यक्ष उमेश सिंह, नितिन राणा, पंकज शर्मा, राहुल यादव और संतोष सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

गाज़ियाबाद में बदमाश कंपनी का भंडाफोड़, ऑनलाईन ठगी के आरोप में 5 गिरफ़्तार

firstopinion

उज्जवला योजना कर तहत बाँटे गये गेस कनेक्शन

firstopinion

पुलिस द्वारा चोरी के आरोप में 3 अभियुक्त गिरफ्तार, कब्ज़े से 2.90 लाख रुपये नकद व हाइड्रा बरामद।

First Opinion News

Leave a Comment