जेवर लोग अक्सर कहते है दुश्मनी अच्छी नहीं होती, कई बार नफरत सालों-साल ज़हन में घर बनाये रहती है। ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत देखने को मिला है, जहाँ 5 साल पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के नाम पर 2 लोगों द्वारा एक व्यक्ति की हत्या को अंजाम दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 8 अक्टूबर को थाना जेवर पर तहरीर दी गई कि अभियुक्त जान मौहम्मद और इदरीश द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पूर्व की रंजिश को लेकर एक व्यक्ति इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
शिकायत के आधार पर थाना जेवर पर धारा 191(2)/191(3)/190/103(1)/3(5)/61(2) बीएनएस में मामला दर्ज़ किया गया।
आज थाना जेवर पुलिस द्वारा उपरोक्त मामले में लोकल इंटेलिजेंस व बीट पुलिसिंग की सहायता से मुकदमा उपरोक्त में 2 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में जान मौहम्मद उर्फ जानू और ईदरीश शामिल है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि,दोनों अभियुक्त चचेरे भाई है। 2021 में उनके ताऊ की हत्या के मामलें में मृतक भी शामिल था, इसी बात को लेकर उनकी मृतक से दुश्मनी थी। और 5 साल बाद मौका मिलने पर अभियुक्तों द्वारा इमरान की हत्या कर दी गई। इस मामले में अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।
