बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदान केंद्रों पर रहेंगे उपस्थित।
गाजियाबाद मतदाता सूची में छूटे हुए एवं प्रथम बार मतदान के लिए पात्र युवा मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए 24 अक्टूबर और 25 अक्टूबर 2026 (शनिवार और रविवार) को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
विशेष अभियान दिवसों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 प्राप्त करेंगे।
यदि किसी मतदाता के नाम अथवा अन्य जानकारी में कोई त्रुटि या मतदाता अपना स्थानांतरण कराना चाहता है, तो इसके लिए फार्म-8 पर दावे प्राप्त किए जाएंगे।
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार विशेष पुनरीक्षण-2026 के दौरान तैयार की गई एएसडीडी सूची में शामिल ऐसे व्यक्तियों, जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में नहीं है, का घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में सही पाए जाने पर फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने निर्देश दिए हैं कि सभी सुपरवाइजर अपने-अपने बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए उनके कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर छूटे हुए एवं पात्र मतदाताओं के फार्म-6 जमा कराएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में एक्टिव रहकर अभियान का प्रचार-प्रसार कराएंगे तथा बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। जिन विभागों के कार्मिक बीएलओ के रूप में नियुक्त हैं, उनके संबंधित कार्यालयाध्यक्ष 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान के दौरान उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
