नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-164 को प्रमुख औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां कुल 72 औद्योगिक भूखंड नियोजित किए गए हैं। इस औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए सेक्टर-163 और 164 के बीच 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है।
इस सड़क पर सेंट्रल वर्ज नहीं होने के कारण वाहन एक लेन से दूसरी लेन में अनियंत्रित रूप से आवागमन करते थे, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय औद्योगिक संस्थानों की मांग और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा इस मार्ग पर सर्विस लेन और सेंट्रल वर्ज बनाने के आदेश दिए गए हैं।
निर्माण में 342 लाख रुपए आएगा खर्चा।
प्राधिकरण के अनुसार इस परियोजना के लिए ₹342.40 लाख का बजट स्वीकृत किया गया है। सड़क के दोनों ओर 3.50 मीटर चौड़ी सर्विस लेन तथा 90 सेंटीमीटर ऊंचा सेंट्रल वर्ज बनाया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य अवार्ड किया जा चुका है।
6 महीनों में पूर्ण हो जाएगा निर्माण कार्य।
प्राधिकरण के अनुसार निर्माण कार्य अगले छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके पूरा होने से क्षेत्र के उद्यमियों, कर्मचारियों और दैनिक कामगारों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क पर वाहनों के सुगम आवागमन से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
