नई दिल्ली/गाजियाबाद
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम कर रही एनसीआर ईपीई प्राइवेट लिमिटेड (NCREPE) को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। कंपनी ने NHAI ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026 में थर्ड केटेगरी प्लांटेशन इन लैंड पार्सलस में द्वितीय पुरस्कार जीता है।
यह पुरस्कार दुहाई इंटरचेंज के लैंड पार्सल में किए गए उत्कृष्ट पौधरोपण और हरित विकास कार्यों के लिए दिया गया है। NHAI की घोषणा के अनुसार यह उपलब्धि आरओ – दिल्ली / पीयू गाज़ियाबाद के तहत NCREPE के नाम दर्ज हुई है।
NHAI द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आए नामांकनों का मूल्यांकन 100 अंकों के पैमाने पर किया गया। इसमें पौधों की जीवित रहने की दर, रोपण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा-संरक्षण और प्रजातियों की विविधता जैसे मानकों को परखा गया। 11 अगस्त 2026 को अवार्ड कमेटी ने शॉर्टलिस्टेड प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन किया था।
पिछले दो वर्षों से NCREPE की टीम दुहाई इंटरचेंज को हरित, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में जुटी थी। पौधरोपण के साथ-साथ रखरखाव और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे यह इंटरचेंज अब हरित विकास का मॉडल बन गया है।
इस उपलब्धि पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “यह सिर्फ ट्रॉफी नहीं, हमारी पूरी टीम के दो साल के समर्पण और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता की राष्ट्रीय पहचान है।”
जानकारी के अनुसार NHAI ग्रीन हाईवेज एक्सीलेंस अवार्ड्स की शुरुआत ग्रीन हाईवेज पॉलिसी , 2015 के तहत की गई थी, जिसका उद्देश्य हाईवे के किनारे पौधरोपण को बढ़ावा देना है।
