ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में कॉलेज परिसर में छात्र के साथ मारपीट करने के मामले में थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रमोद कुमार और शुभम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, विगत 05 सितंबर को थाना सूरजपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम खेड़ी स्थित एक कॉलेज में पुराने विवाद को लेकर कुछ युवकों ने एक छात्र के साथ मारपीट की थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित छात्र की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज़ किया था।
कॉलेज प्रशासन और छात्रों में इस घटना को लेकर आक्रोश था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी।
8 सितंबर को थाना सूरजपुर पुलिस टीम द्वारा कॉलेज परिसर के पास से दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त प्रमोद कुमार और शुभम का पूर्व में भी कॉलेज में विवाद रहा है। वे अक्सर कॉलेज परिसर में आकर छात्रों पर रौब जमाने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करते थे।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा एहतियातन कॉलेज क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है।
