बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। जानकारी के अनुसार बदनोरा कट के पास पुलिस वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। चैकिंग के दौरान दो बाईक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन बाईक सवार ने रुकने के स्थान पर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा अभियुक्तों को संदिग्ध जानकर उनका पीछा किया गया। खुद को पुलिस द्वारा घिरता देख एक अभियुक्त ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा फायर किया गया जिसमे एक अभियुक्त को गोली लगी जबकि दूसरा अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान कुश के रूप में हुई है।
सीओ सिटी बुलन्दशहर प्रखर पांडे के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त कुछ दिनों पहले हुए हनी हत्याकांड का आरोपी है। कुश ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू से गोंदकर हनी नाम के युवक की हत्या कर दी थी ।
एक हत्यारोपी अनिकेत को पुलिस मुठभेड़ में पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस द्वारा घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के पास से 1 तमंचा,कारतूस और एक बाईक बरामद हुई है।
फरार अभियुक्त की तलाश के लिए कॉम्बिग की जा रही है।
