नोएडा पुलिस द्वारा एटीएम में ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया गया है। यह गिरोह एटीएम में फाइबर प्लेट लगाकर लोगों के फंसे रुपये चुराने का काम करते थे। पुलिस द्वारा 3 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त कार, 46460 रूपये नकद, चोरी करने के उपकरण, डेबिट/क्रेडिट कार्ड व अन्य कागजात बरामद किए गए है।
नोएडा के थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस द्वारा सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एटीएम से नकद निकासी स्थान पर फाइबर प्लेट लगाकर रुपये निकालने आये लोगों के फसे हुए रुपये एटीएम से चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए 3 अभियुक्त रोहित डंग,बीनस डंग और वैभव बत्रा को सेक्टर-130 नोएडा के पास पुस्ता सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया है।
एटीएम का ढक्कन खोल फाइबर प्लेट लगाकर करते थे गोलमाल
अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि ये लोग एटीएम बूथों को टारगेट करके मास्टर चाबी से एटीएम में नीचे लगे गेट का ढक्कन खोल कर फाइबर प्लेट लगा देते थे। इसके बाद अभियुक्त एटीएम बूथ के बाहर खड़े होकर रूपये निकालने के लिए आने वालों का इंतजार करते थे। जब कोई व्यक्ति एटीएम से रूपये निकालने आता तो उसका ट्रांजेक्शन तो पूरा हो जाता था, लेकिन फाइबर की प्लेट लगी होने के कारण रूपये एटीएम से बहार नही निकल पाते थे। कुछ देर बाद रूपये निकालने वाला व्यक्ति परेशान होकर वहां से चला जाता था, तभी इनमें से कोई भी एटीएम बूथ के अंदर जाकर रूपये निकासी स्थान को मास्टर चाबी की मदद से ढक्कन खोल कर फंसे हुए रूपये निकाल कर चोरी कर लेते थे। अभियुक्त इस तरह लगातार एक के बाद एक घटना को अंजाम देते थे।

Instagram पर Reels देखकर ली प्रेरणा
अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि करीब एक डेढ़ महीना पहले ग्राम वाजिदपुर पीएनबी बैंक के पास लगे एसबीआई बैंक के एटीएम में फाइबर प्लेट लगाकर एटीएम से रूपयों की चोरी की थी। अभियुक्तों द्वारा Instagram पर Reels देखकर उनसे प्रभावित होकर इस प्रकार का अपराध करना शुरू किया था। अभियुक्तों द्वारा बारी-बारी से ऐसे एटीएम मशीनों की रेकी की जाती थी जिनके नीचे का दरवाजा आसानी से खुल सके।
