भुवनेश्वर।एजेंसी :: बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को यहा राजभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में 11 कैबिनेट तथा 10 राज्य मंत्रियों के साथ चौथी बार मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल डा. एससी जमीर ने पटनायक समेत अन्य को शपथ दिलायी। इससे पूर्व नवीन पटनायक ने पुरी जाकर महाप्रभु श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया।
पुरी से लौटकर मुख्यमंत्री का काफिला कुछ समय तक नवीन निवास में ठहरा और उसके बाद राजभवन रवाना हुआ। नवीन निवास से लेकर राजभवन तक जगह जगह मुख्यमंत्री के काफिले का स्वागत करने की भरपूर व्यवस्था की गई थी। रास्ते में नृत्य संगीत के साथ शख, मृदंग, बाजा एवं आतिशबाजी की गई। इससे पहले ऐसा नजारा राजधानी के लोगों ने कभी नहीं देखा था। रिकार्ड चौथी बार मुख्यमंत्री के रूप में नवीन पटनायक के शपथ ग्रहण समारोह को यादगार बनाने की पूरी कोशिश की गई थी।
राजभवन पहुंचते ही नवीन पटनायक जिंदाबाद के नारे से पूरा परिसर गूंज उठा। राजभवन के अंदर तीन हजार वीवीआइपी के बैठने की व्यवस्था की गई थी। साथ ही राजभवन के बाहर एलसीडी के जरिए शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण किया जा रहा था। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौंबंद रही। खुद पुलिस महानिदेशक सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते देखे गए। मुख्यमंत्री ने अपने नए मंत्रिमंडल में पाच पुराने सदस्यों की बलि दी है जबकि चार नए चेहरों को शामिल किया है।
कैबिनेट मंत्री
1. देवी प्रसाद मिश्र को शिल्प स्कूल व जनशिक्षा मंत्रालय
2. विक्रम केशरी आरुख को जंगल पर्यावरण तथा संसदीय व्यापार मंत्रालय
3. बद्री नारायण पात्र को ग्रामीण विकास मंत्रालय
4. डा.दामोदर राउत को आबकारी एवं समवाय मंत्रालय
5. विजयश्री राउतराय को राजस्व एवं आपदा संचालन मंत्रालय
6. प्रदीप महारथी को कृषि, मत्स्य व पशु संपद विकास मंत्रालय
7. प्रदीप कुमार अमात को वित्त मंत्रालय
8. योगेन्द्र बेहेरा को लघु शिल्प व साधारण अभियोग पेंशन विभाग मंत्रालय
9. लाल बिहारी हिमिरिका को एससी एसटी विकास मंत्रालय
10. पुष्पेन्द्र सिंहदेव को गृह निर्माण विकास मंत्रालय
11. ऊषा देवी को महिला शिशु विकास व योजना समन्वय मंत्रालय
राज्य मंत्री
1. अतनु सव्यसाची नायक को स्वास्थ्य सूचना व जनसंपर्क मंत्रालय
2. अरुण कुमार साहू को पंचायतीराज व कानून मंत्रालय
3. संजय कुमार दासवर्मा को खाद्य आपूर्ति व तकनीकी शिक्षा प्रशिक्षण मंत्रालय
4. अशोक कुमार पंडा को पर्यटन व संस्कृति मंत्रालय
5. प्रदीप पाणीग्राही को उच्च शिक्षा मंत्रालय
6. रमेश चन्द्र माझी को वाणिज्य व परिवहन मंत्रालय
7. प्रफुल्ल मलिक को खदान इस्पात व श्रम नियोजन मंत्रालय
8. प्रणव प्रकाश दास को ऊर्जा व सूचना मंत्रालय
9. सुदाम मराण्डी को खेल व युवा व्यापार मंत्रालय
10. स्नेहांगिनी छुरिया को हथकरघा, वयनशिल्प व मिशन शक्ति मंत्रालय