रामनवमी पर कन्या पूजन में बेटियों को भेंट किए गए कटार।
मुजफ्फरनगर में कन्या पूजन पर बेटियों को भेंट के रूप में शस्त्र दिए गए।
जानकारी के रामनवमी के अवसर पर हिंदू रक्षा दल की ओर से कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान एक अनोखी घटना देखने को मिली। हिन्दू रक्षा दल द्वारा कन्याओं को कटार भेंट किए गए। आयोजकों ने बेटियों को धार्मिक ज्ञान के साथ आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
जनपद में कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कन्याओं का पूजन किया गया। इस दौरान हिंदू रक्षा दल ने कन्याओं को शस्त्र भेंट कर आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने की पहल की।
इस मौके पर हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष सेंकी शर्मा ने कहा कि बहन-बेटियों की पूजा और सम्मान के साथ उन्हें आत्मरक्षा का ज्ञान देना भी जरूरी है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे अपनी सुरक्षा के लिए सक्षम बन सकें। उन्होंने कहा कि बेटियों को शास्त्रों के ज्ञान के साथ शस्त्रों के प्रति जागरूकता और हिंदुत्व की भावना का संदेश भी दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से हर वर्ष कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है।
वहीं, हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पवार ने कहा कि समाज में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने धर्मांतरण और लव जिहाद जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए बेटियों को सतर्क रहने और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से आयोजकों ने धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। रामनवमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कन्या पूजन के साथ समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
