ग्रेटर नोएडा के थाना जारचा पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमे गोली लगने से एक अभियुक्त घायल हो गया है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के अनुसार पुलिस द्वारा प्यावली डैम के पास चेकिंग की जा रही थी। तभी चेकिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा सामने से आ रही एक संदिग्ध बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस टीम को देखकर उक्त मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति रुकने के बजाय मोटरसाइकिल को तेजी से मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम द्वारा मोटरसाइकिल का पीछा किया गया तो मोटरसाइकिल सवार अभियुक्त द्वारा स्वयं को घिरता हुआ देखकर मोटरसाइकिल से उतरकर पुलिस टीम पर फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा जवाबी कार्यवाही में उक्त अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान कमल उर्फ कमलुआ उर्फ कल्लू lके रुप में हुयी है। गिरफ्तार अभियुक्त के के कब्जे से 1 अवैध तमंचा जिंदा कारतूस व चोरी के बकरे बेचकर प्राप्त हुए 7560 रुपये बरामद हुए है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा जा रहा है। अभियुक्त का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल के साथ मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश हेतु प्रयास किये जा रहे है। पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि घायल अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर बकरा चोरी करने वाला एक संगठित गैंग संचालित करता है। गैंग के सदस्य मोटरसाइकिल से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर उन स्थानों को चिन्हित करते थे, जहां बड़ी संख्या में बकरे रखे जाते हैं। इसके बाद रात्रि के समय चार पहिया वाहन से मौके पर पहुंचकर बकरों को चोरी कर लेते थे तथा चोरी किए गए बकरों को दिल्ली में बेच देते थे। बिक्री से प्राप्त धनराशि को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे। अभियुक्त एवं उसके गैंग द्वारा जनपद गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, सम्भल सहित दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बकरा चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया है। अभियुक्त के सम्बन्ध में अन्य जानकारी की जा रही है।
