नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर गिरोह का भंडाफोड़, 3 अभियुक्त गिरफ्तार

नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर फर्जी कॉल सेंटर का भांडा फोड़ करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में विशाल राघव, आमिर उस्मानी और वरुण कुमार शामिल है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 6 स्मार्टफोन, 1 कीपैड फोन, 4 डेबिट कार्ड, 3 सिम कार्ड, 1 पासबुक, 1 फिनो काम्बो बैंक किट, 4 फर्जी जॉइनिंग लेटर, 3 स्टांप मोहर, 2 खाली लिफाफा (सिमकार्ड) और 1 चेक बुक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि विशाल राघव अपने साथियों आमिर उस्मानी और वरुण कुमार के साथ मिलकर बैंक खाते, डेबिट कार्ड, चेक बुक और प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड खरीदता था।

इन बैंक खातों की जानकारी वह फर्जी कॉल सेंटर संचालक अनुज कुमार और रोमेश को मुहैया कराता था।

अनुज और रोमेश बेरोजगार लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे पंजीकरण के नाम पर प्रोसेसिंग शुल्क वसूलते थे। इस दौरान विशाल नकद निकासी कर कमीशन काटकर शेष रकम अनुज और रोमेश को देता था।

तीनों गिरफ्तार अभियुक्त मिलकर बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे।

वरुण कुमार स्वयं भी एक स्वतंत्र कॉल सेंटर चलाता था, जहां “जॉब प्लेसमेंट” के नाम पर ठगी की जाती थी। प्राप्त धनराशि को फर्जी बैंक खातों व सिम कार्ड के जरिये घुमाया जाता था।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के मास्टरमाइंड अनुज और रोमेश को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।

Related posts

भूजल दोहन बंद करने और अन्य मांगो को लेकर करप्‍शन फ्री इंडिया की भूख हड़ताल।

टूर पैकेज बुक कराने के नाम पर धोखाधडी, 3 अभियुक्त गिरफ्तार।

प्रेरणा शोध संस्थान एवं एनआईओएस द्वारा मनाया गया हिंदी पत्रकारिता दिवस और नारद जयंती समारोह।