नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एटीएम में आने वालों के साथ फ़्रॉड करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस द्वारा धोखाधड़ी के मामले में 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
एटीएम में आने वाले लोगों को बनाते थे निशाना।
पुलिस के अनुसार ये गिरोह एटीएम में आने वाले लोगों को अपना निशाना बनाता था। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे तीनों मिलकर एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में फेविक्विक लगा देते थे, जिससे कार्ड मशीन में फंस जाता था। इसके बाद उनमें से एक अभियुक्त एटीएम रूम के अंदर जाकर व्यक्ति द्वारा एटीएम का पिन (पासवर्ड) दर्ज करते समय उसे देख लेता था। जब संबंधित व्यक्ति एटीएम से बाहर निकलकर चला जाता था, तब अभियुक्त प्लास एवं चाकू की सहायता से फंसा हुआ एटीएम कार्ड निकाल लेते थे। इसके बाद वे किसी अन्य एटीएम मशीन पर जाकर उस कार्ड का उपयोग कर नकद रुपये निकाल लेते थे तथा एटीएम कार्ड को तोड़कर फेंक देते थे।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह का आपराधिक इतिहास रहा है। इस गिरोह द्वारा पूर्व में भी ऐसी घटना को अंजाम दिया था, पुलिस को इनकी काफ़ी समय से तलाश थी।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में महादेव हल्दर, साबिर और आबिद को वेदवन पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से प्लास,घरेलू चाकू और नकदी बरामद हुई हैं।