National

मंडी हाउस से केंद्रीय सचिवालय के बीच मेट्रो हुई शुरू

 

10463962_422088091265927_7648878171418789086_n

नई दिल्ली, एजेंसी

मंडी हाउस से केंद्रीय सचिवालय तक के बहुप्रतीक्षित मेट्रो खंड को आज जनता के लिए खोल दिया गया। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू ने सुबह साढ़े नौ बजे मंडी हाउस से रवाना होने वाली पहली रेल को झंडी दिखाई और फिर वे खुद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह, दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों और मीडियाकर्मियों के साथ मेट्रो की सवारी करने के लिए चढ़े। इस रेल की चालक महिला थी।

मेट्रो के इस खंड को आज दोपहर को आम जनता के लिए खोला गया। केंद्रीय सचिवालय से मंडी हाउस तक का 3.2 किलोमीटर लंबा यह भूमिगत मेट्रो खंड केंद्रीय सचिवालय से कश्मीरी गेट तक की 9.37 किलोमीटर लंबी लाइन का हिस्सा है, जो कि दूसरे चरण के तहत बदरपुर गलियारे (22 किमी) का विस्तार है। इस खंड में तीन स्टेशन हैं- केंद्रीय सचिवालय, जनपथ और मंडी हाउस। इस खंड का काम 36 माह में तय लागत के भीतर ही पूरा हो गया।

नायडू ने केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर मौजूद संवाददाताओं को बताया, मुझे गर्व है कि डीएमआरसी ने आज मंडी हाउस से केंद्रीय सचिवालय तक मेट्रो रेल शुरू कर दी। मैं इस काम को सफल बनाने वाले दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों, दिल्ली सरकार और सभी कर्मचारियों को मुबारकबाद देता हूं।

नायडू ने कहा कि यह राष्ट्रीय राजधानी के लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए वर्ष 2002 के बाद से डीएमआरसी द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों में से एक है। 140 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन वाले दिल्ली मेट्रो के तीसरे चरण के पूरा होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हमारी यात्रा के तरीके में महत्वपूर्ण बदलाव होगा।

मंत्री ने कहा कि त्वरित और आरामदायक सफर शहरी जीवन की जरूरत है। उन्होंने कहा, यातायात के दूसरे साधनों से जुड़ी मेट्रो सेवाएं शहरी यात्रा की मुश्किलों को कम करेंगी। शहरीकरण का प्रबंधन बड़ी चुनौतियों में से एक है। यह खंड वॉयलेट लाइन का विस्तार है और ऐसा माना जा रहा है कि बदरपुर-केंद्रीय सचिवालय की लाइन के जरिए राजीव चौक पर भीड़भाड़ कम की जा सकेगी क्योंकि नोएडा, वैशाली और द्वारका की ओर जाने वाले यात्री केंद्रीय सचिवालय और राजीव चौक पर दो बार ट्रेनें बदलने के बजाय सीधे मंडी हाउस पर ट्रेन बदल सकेंगे।

मंत्री ने कहा कि फिलहाल राजीव चौक पर रोजाना पांच लाख यात्रियों का आवागमन होता है। वर्ष 2016 में यह संख्या 1,34,879 हो जाने की संभावना है। नायडू ने कहा कि मंडी हाउस-केंद्रीय सचिवालय खंड पर ट्रेनें तीन मिनट से कुछ अधिक के अंतराल पर चलेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनपथ और मंडी हाउस के नए स्टेशनों पर टोकन वेंडिंग मशीन और एड वैल्यू कार्ड रीडर के साथ यात्रियों के लिए अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि मैंने देखा है कि उन्होंने स्टेशनों पर इन क्षेत्रों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का प्रदर्शन किया है ताकि नई पीढ़ी इस क्षेत्र के ऐतिहासिक और पुरातत्विक महत्व को जान सकें। भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद के साथ मिलकर यह कदम उठाने के लिए मैं मेट्रो की सराहना करता हूं। इस खंड में रोजाना लगभग 70 हजार अतिरिक्त यात्रियों का आवागमन होगा।

तीसरे चरण के तहत ऐसे लगभग 13 इंटरचेंज (अदला-बदली) स्टेशन होंगे और यह चरण मार्च 2016 तक पूरा होने वाला है। उन्होंने कहा कि तब तक दिल्ली का एक बड़ा हिस्सा मेट्रो रेल से जुड़ जाएगा। यह एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है और मुक्षे उम्मीद है कि डीएमआरसी इसे पूरा करने में सक्षम है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने सभी सहकर्मियों को पत्र लिखकर सुझाव भेजा है कि वे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में यात्रा के लिए मेट्रो सुविधा का इस्तेमाल करें।

Related posts

नहीं पूरी हो सकी राहुल की महत्वकांक्षी योजनायें

firstopinion

आज भारी बारिश साथ गिरेंगे ओले मौसम विभाग ने जारी की भविष्यवाणी

First Opinion News

TV चैनल्स के खिलाफ कोर्ट पहुंचे धौनी

firstopinion