लखनऊ,एजेंसी।
आगरा के फतेहपुर सीकरी से राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी अमर सिंह का समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव के प्रति एक बार फिर प्रेम दिखा है। अमर ने कहा कि मुलायम सिंह से मेरे निजी और पारिवारिक संबंध हैं, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं।
आगरा में शुक्रवार को रालोद जिलाध्यक्ष नरेंद्र धनगर के निवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में अमर सिंह ने रामगोपाल के बयान पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वो तो नटखट बालगोपाल हैं। वो तो माखन खाकर यह भी कह सकते हैं कि मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो, इसलिए उनकी बातों का जवाब देना ठीक नहीं है। गौरतलब है कि रामगोपाल का उनको ‘शून्य’ कहना उन्हें काफी नागवार गुजरा है।
सपा के स्थान पर रालोद में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह से निजी और पारिवारिक संबंध हैं, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां अलग होती हैं। वह चौ. चरण सिंह को आदर्श मानते हैं, इसलिए रालोद के साथ आ गए। उन्होंने कहा कि उनके साथ जयाप्रदा मथुरा में जयंत के लिए प्रचार करेंगे।
अमिताभ बच्चन को उनके लिए प्रचार करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब अमिताभ ने राजीव गांधी के लिए प्रचार नहीं किया, तों मैं उनसे क्या अपेक्षा कर सकता हूं।
उन्होंने कहा कि रामगोपाल के बोलने से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि मुलायम सिंह, शिवपाल व अखिलेश यादव सगे हैं। उन्होंने तो मेरे बारे में कुछ तल्ख टिप्पणी नहीं की।
previous post
next post

