लखनऊ उत्तर प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को और मज़बूत करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के 24 जनपदों में आईडीटीआर तथा आरटीटीसी स्थापित किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार विशेष सचिव केशव सिंह द्वारा परिवहन आयुक्त को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जिन जिलों में आईडीटीआर बनाए जाएंगे उनमें लखनऊ, बलिया, गोरखपुर, आगरा, गोंडा, झांसी, कानपुर नगर, शाहजहांपुर और प्रयागराज शामिल हैं। वहीं 15 जिलों में आरओटीटीसी स्थापित किए जाएंगे, जिनमें वाराणसी, बरेली, मेरठ, मुरादाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आज़मगढ़, अयोध्या, बांदा, मिर्जापुर, इटावा, सहारनपुर, सीतापुर, जौनपुर और बिजनौर शामिल है।
सरकार का मानना है कि इन संस्थानों के बनने से ड्राइवरों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही सड़क सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। पत्र में कहा गया है कि, संबंधित विभाग शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें और प्रस्ताव शासन को समय पर उपलब्ध कराएं। यह कदम प्रदेश में सड़क सुरक्षा और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।