ग्रेटर नोएडा शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में चल रही उत्तर प्रदेश प्रो वॉलीबॉल लीग अपने अंतिम पड़ाव पर पहुँच गई है। फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। फाइनल मुकाबले में मुजफ्फर नगर लायंस और मथुरा योद्धास आमने-सामने होंगी।
7 अगस्त से शुरू हुई इस लीग में लखनऊ टाइगर्स, गोरखपुर जॉइंट्स, नोएडा थंडर्स, मथुरा योद्धाज, अयोध्या सुपरकिंग्स, मुरादाबाद बुल्स, काशी वॉरियर्स और मुजफ्फर नगर लायंस जैसी आठ टीमों ने हिस्सा लिया। शानदार प्रदर्शन करते हुए अंकतालिका में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली मुजफ्फर नगर और मथुरा की टीमों ने प्लेऑफ मुकाबलों में भी बेहतरीन खेल दिखाकर फाइनल में जगह बनाई।
प्रो वॉलीबॉल लीग के संस्थापक कुलवंत बालियान ने बताया कि विजेता टीम को 21 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पहली बार आयोजित हो रही इस प्रो वॉलीबॉल लीग को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला। हर मैच में खेल परिसर दर्शकों की खासी भीड़ मौजूद रही।