Noida:कोरोना काल के दौरान फ़र्ज़ के लिए जान न्योछावर करने वाले पत्रकारों को दी गई श्रद्धांजलि।

 

नोएडा कोरोना महामारी के दौरान दायित्व निभाने के चलते अपनी जान गवाने वाले पत्रकार साथियों की स्मृति में शुक्रवार को नोएडा मीडिया क्लब की ओर से सेक्टर-73 स्थित स्मृति वन में श्रद्धांजलि सभा एवं स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्मृति वन में स्थापित स्मारक पर दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित अतिथियों और पत्रकारों ने कोरोना काल की उन कठिन परिस्थितियों को याद किया, जब संक्रमण के खतरे के बीच भी पत्रकार लगातार मैदान में रहकर आमजन तक सूचनाएं पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को उठाने में जुटे रहे।

दिवंगत पत्रकारों का योगदान समाज और पत्रकारिता जगत के लिए सदैव स्मरणीय-पंकज सिंह।

इस अवसर पर विधायक पंकज सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान पत्रकारों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा। जब पूरा देश संकट के दौर से गुजर रहा था, तब पत्रकारों ने जोखिम उठाकर लोगों तक सही सूचनाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। दिवंगत पत्रकारों का योगदान समाज और पत्रकारिता जगत के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।

नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने कहा कि कोरोना काल में बिछड़े पत्रकार साथी केवल पत्रकारिता जगत की क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति हैं। उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

गौरतलब है कि नोएडा मीडिया क्लब द्वारा देशभर में कोरोना महामारी के दौरान दिवंगत हुए पत्रकारों की स्मृतियों को संजोने और उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से स्मृति वन में स्मारक का निर्माण कराया गया है। यह स्मारक उन पत्रकारों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है, जिन्होंने कठिनतम परिस्थितियों में भी अपने पेशे की गरिमा को बनाए रखा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत पत्रकार साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा स्मृति वन शोक और सम्मान के भाव से भर उठा। सभी ने दिवंगत पत्रकारों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस दौरान मीडिया क्लब के महासचिव जय प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष अमित चौधरी,सचिव जगदीश शर्मा, कोषाध्यक्ष मनोज वत्स, कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद शर्मा आदि पत्रकारों के अलावा समाजसेवी और जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts

Noida News:नोएडा पुलिस मुठभेड़ में, 50 हज़ार का इनामी रणदीप भाटी गैंग का शूटर ढेर।

Noida News:थाना सेक्टर-58 पुलिस द्वारा चोरी और छिनैती के आरोप में 2 अभियुक्त, गिरफ्तार, कब्जे से दर्ज़न से ज़्यादा मोबाइल फोन बरामद।

Gautambudhnagar:5 इंस्पेक्टर भेजे गए इधर से उधर,1 सब-इंस्पेक्टर को मिली थाने की कमान।