मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब किदवई की दिनदहाड़े हत्या, इलाके में दहशत

 

बाराबंकी उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार दोपहर पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी कथित शूटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह शूटआउट लखनऊ–अयोध्या हाईवे पर हुआ। इस घटना के पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, शोएब किदवई कार से लखनऊ से बाराबंकी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे से उतरकर असेनी मोड़ के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बाइक सवार हमलावरों ने उसकी कार को घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने शोएब पर 10 से 15 राउंड फायरिंग की। कार पर कई जगह गोलियों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से पांच खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। ताबड़तोड़ फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।

जानकारी के अनुसार फायरिंग के दौरान किदवई को तीन गोली लगी। गोली लगने से शोएब किदवई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि शोएब किदवई मुख्तार अंसारी का पुराना साथी था और पूर्व में ब्लॉक प्रमुख भी रह चुका था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। लखनऊ जेलर हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आ चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही जिले के आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस टीमें उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। एहतियातन इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related posts

यूपी में 10 PPS अधिकारी हुए सेवानिवृत, लिस्ट देखे।

कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भारी उछाल, 993 रुपये की बढ़ोतरी, 1 मई से लागू नई कीमतें।

यूपी में बड़ी संख्या में आईपीएस अधिकारीयों के तबदले।