नोएडा सर्वोच्च जैन तीर्थ श्री सम्मेद शिखर जी की पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व जैन संगठन ने गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित पारसनाथ पर्वतराज से 24 में से 20 जैन तीर्थंकरों ने मोक्ष प्राप्त किया था। इसका कण-कण जैन समाज के लिए पूजनीय है। लेकिन प्रवेश द्वार पर सामान जांच, यात्री पंजीकरण, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण वहां फिल्मी गानों पर अश्लील वीडियो बनाए जाने, नशा करने और बाइक चलाने जैसी गैर धार्मिक गतिविधियां हो रही हैं। इससे पर्वत की पवित्रता और पर्यावरण दोनों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे पूरे जैन समाज में दुख है।
विश्व जैन संगठन की केंद्रीय वन मंत्रालय और झारखंड सरकार से अपील।
संजय जैन ने केंद्रीय वन मंत्रालय और झारखंड सरकार से अपील की कि, पर्वतराज के प्रवेश द्वार पर यात्रियों का पंजीकरण, स्कैनर और बैरियर के साथ सामान जांच चेक पोस्ट बनाई जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, वंदना मार्ग को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए और बाइक संचालन, नशा, प्लास्टिक उपयोग तथा फिल्मी गानों पर रील बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए।
सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही है,भ्रामक जानकारी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पवित्रता बनाए रखने की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मधुवन के स्थानीय समाज, संस्था, नेता या किसी पार्टी विशेष के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया गया है और न ही कोई मांग की गई है। इसी स्पष्टीकरण के लिए यह प्रेस वार्ता बुलाई गई थी।
इस मौके पर संगठन के महामंत्री राहुल जैन, राष्ट्रीय मंत्री अनुज जैन, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आकाश जैन ने कहा कि प्राचीन जैन शास्त्रों, केंद्र व राज्य सरकारों और पुरातत्व विभाग ने भी श्री सम्मेद शिखर जी को जैन धर्म का सर्वोच्च और पवित्र मोक्षस्थल माना है, जिसकी पवित्रता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस दौरान प्रेस वार्ता में नोएडा शाखा अध्यक्ष के.के. जैन, वीरेंद्र जैन, अभिषेक जैन, युवा प्रकोष्ठ महामंत्री सागर जैन, सेक्टर 27 जैन मंदिर प्रधान पवन कुमार जैन, सेक्टर 50 प्रधान प्रदीप चंद्र जैन, सीए विपुल जैन, लक्ष्मी नगर शाखा अध्यक्ष अतुल जैन एडवोकेट सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।