उप मुख्यमंत्री ने एमएमजी जिला अस्पताल का किया निरीक्षण।
गाजियाबाद यूपी के उप मुख्यमंत्री, ब्रजेश पाठक द्वारा गाजियाबाद भ्रमण के दौरान
एमएमजी जिला अस्पताल का दौरा किया गया। जिला अस्पताल पहुंचकर वहां उपलब्ध चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तथा निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री के एमएमजी जिला अस्पताल आगमन पर जिलाधिकारी द्वारा उनका स्वागत किया गया।
आपातकालीन वार्ड का किया निरीक्षण, मरीजों से जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल।
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकांश मरीज बुखार एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित पाए गए।
उन्होंने मरीजों को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। इस दौरान मरीजों एवं उनके तीमारदारों ने अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सेवाओं एवं चिकित्सकीय स्टाफ के व्यवहार पर संतोष व्यक्त किया तथा उपचार के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलने की बात कही।
निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण, शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश।
अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
पुराने निर्माण की जांच कराने के निर्देश।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नई बिल्डिंग के समीप स्थित अन्य भवनों एवं निर्माणों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित निर्माणों की लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से तकनीकी जांच कराई जाए। जांच में यदि कोई भवन ध्वस्तीकरण योग्य पाया जाता है तो नियमानुसार उसे ध्वस्त कराया जाए तथा यदि भवन उपयोग योग्य स्थिति में है तो उसका आवश्यकतानुसार जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के लिए आवश्यक बजट की व्यवस्था जनपद स्तर अथवा शासन स्तर से नियमानुसार सुनिश्चित की जाए, ताकि अस्पताल परिसर की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाया जा सके।
डॉक्टर्स की कमी दूर करने के दिए निर्देश।
उप मुख्यमंत्री ने जनपद में चिकित्सकों के रिक्त पदों की स्थिति पर भी जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जिन चिकित्सकीय पदों पर कमी है, उन्हें पूरा करने के लिए शासन को तत्काल पत्र भेजा किए जाएं। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
इस मौके पर सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सचिन चन्द्र वैश्य, सीएमएस डा.राकेश कुमार गाजियाबाद तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम उपस्थित रही।