दिल्ली हलचल
आम आदमी पार्टी के साथ पिछले 17 दिनों में 98.5 लाख लोग जुड़े हैं। पार्टी के विशेष अभियान के तहत इन लोगों ने पार्टी की सदस्यता हासिल की है।पार्टी के नेता गोपाल राय ने बताया कि 26 जनवरी तक 1 करोड़ सदस्य बनाने के लक्ष्य से 10 जनवरी को शुरू किए गए ‘मैं भी आम आदमी’ अभियान को देशभर में अच्छी प्रतिक्रिया मिली हैं। लोगों ने बढ़चढ़ कर अभियान में हिस्सा लिया। हर राज्य के हर जिले में सभी वर्गो के लोग पार्टी के साथ जुड़े हैं।साथ ही राय ने कहा कि लोगों से मिली सकारात्म प्रतिक्रिया से पता चलता है कि लोग बदलाव की ओर देख रहे हैं, उन्हें दूसरी पार्टियों से कोई उम्मीद नहीं है। पिछले 17 दिनों में 98 लाख 45 हजार 745 लोग पार्टी के साथ सदस्य के तौर पर जुड़े हैं।इनमें 75.78 लाख लोग रजिस्ट्रेशन फार्म और करीब 7.42 लाख लोग पार्टी की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करके आप के साथ जुड़े हैं। इसके अलावा 10 लाख लोग मोबाइल के जरिए और 5.26 लाख लोग एसएमएस के जरिए पार्टी के सदस्य बने हैं।उन्होंने कहा कि पार्टी अपने सदस्यों की क्षमताओं का आकलन करके उन्हें जिम्मेदारियां सौंपने पर फैसला करेगी। उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्य क्रमश: 18,40,200 और 11,45,000 पंजीकरणों के साथ इस सूची में शीर्ष दो स्थानों पर रहे।