नोएडा शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने सेक्टर-49 निवासी एक कारोबारी से करीब 1.13 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने शुरुआती दौर में कारोबारी से 50 हजार रुपये का निवेश कराया और करीब 9 हजार रुपये का मुनाफा दिखाकर उसका विश्वास जीत लिया।
इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग खातों में निवेश के नाम पर कारोबारी से रकम ट्रांसफर कराई। कारोबारी ने जब निवेश की गई रकम निकालने का प्रयास किया, तो उसे ठगी का पता चला।
पीड़ित कारोबारी ने मामले की शिकायत साइबर पुलिस से की है। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।