नोएडा थाना सेक्टर-49 पुलिस द्वारा रविवार को सेक्टर-50 क्षेत्र से घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों में चरण सिंह उर्फ चन्ना, मयंक शर्मा और मनीष गिरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पैनासोनिक कैमरा, सफेद धातु की पायल, कपड़े (पैंट-शर्ट) तथा हज़ारों रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया कि विगत 5 दिसंबर 2025 को तीनों ने थाना सेक्टर 49 क्षेत्र स्थित एक घर से चोरी की थी। वारदात में उन्होंने एक कैमरा, कपड़े और कुछ जेवरात चोरी किए थे। इनमें से कुछ सामान उन्होंने बेच दिया था, जिसके कुछ पैसे पुलिस को बरामद हो गए हैं, जबकि शेष रकम खर्च कर दी गई।
पुलिस के अनुसार वारदात से संबंधित मामला थाना सेक्टर-49 नोएडा में दर्ज है। आगे की पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि करीब एक माह पहले उन्होंने गली नंबर 1, हनुमान विहार, सेक्टर-49 स्थित एक घर में भी चोरी की थी। उस दौरान भी उन्होंने जेवरात और नकदी चोरी की थी, जिसमें से कुछ सामान पुलिस ने आज बरामद कर लिया है, जबकि बाकी सामान पहले ही बेच दिया गया था।