नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देश-विदेश में क्रूज आदि में नौकरी दिलाने के नाम पर गोरख धंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। जानकारी के अनुसार “WE ARE HIRING” नामक पेड एड (विज्ञापन) चलाकर धोखाधड़ी करने का काम किया जा रहा था। पुलिस द्वारा महिला और पुरुष समेत आधा दर्ज़न अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सरीम खान, शोएब खान, रितिका, मन्तसा अब्बासी,फातिमा और खुशी उर्फ खुशबू शामिल है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा के अनुसार पूछताछ के दौरान अभियुक्त सरीम खान व शोएब खान द्वारा बताया गया कि वे M/S RECRUITE SERVICE कम्पनी के फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “WE ARE HIRING” के पेड एड चलाकर इच्छुक लोगों से फॉर्म भरवाते और उनकी डिटेल्स लेकर देश-विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 40,000–60,000 रुपये वसूलते थे। इसके बाद फर्जी जोइनिंग लेटर ईमेल के माध्यम से भेजकर धोखाधड़ी करते थे। इस काम के लिए उन्होंने एंथूरियम बिजनेस पार्क, सेक्टर-73, नोएडा में एक ऑफिस किराए पर लिया था, जहां उनके अन्य साथी भी मौजूद रहते थे।
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के पास से 7 मोबाइल फोन, लैपटॉप, मॉनिटर, कीबोर्ड, CPU, माउस, राउटर, मोहर, चेकबुक, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड आदि सामान बरामद किया गया है।