अमित शाह जैसे लोगों का राजनीति में होना ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ : मुलायम

लखनऊ: एजेंसी समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के केन्द्रीय प्रभारी अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा है कि ऐसे नेताओं का राजनीति में होना ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है।

सपा मुखिया ने मंगलवार को पार्टी में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं चार बार के सांसद अशोक प्रधान को पार्टी में शामिल करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजनीति में अमित शाह जैसे लोग हैं, वे कौन हैं, उनका इतिहास देखिए। जब (गुजरात) दंगे हुए तब वे वहां गृहमंत्री थे।’

यादव ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश राम, कृष्ण, अटलजी की धरती है, भाजपा को भी सोचना चाहिए कि उन्होंने ऐसे आदमी को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बना दिया है।’

अमित शाह पिछले दिनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश में की गई इस टिप्पणी के लिए विवाद में है कि ‘पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह आम चुनाव अपने अपमान का बदला लेने का अवसर है। जिन्होंने अपमान किया है उन्हें सबक सिखाने का अवसर है। उनके खिलाफ मतदान करके अपने अपमान का बदला लीजिए।’

उत्तर प्रदेश में अधिकारियों ने 6 अप्रैल को बिजनौर और मुजफ्फरनगर जिले में शाह के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कराई है और चुनाव आयोग ने उन्हें प्रथम दृष्टया आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी मानते हुए कल ही एक नोटिस जारी करके 9 अप्रैल को शाम पांच बजे तक उनसे जवाब मांगा है।

Related posts

UP News:तीसरी बार सरकार बनने पर लागू करेंगे UCC: अमित शाह।

UP News:मौसम विभाग द्वारा भरी बारिश,तेज़ हवा और गरज से साथ बिजली गिरने की चेतावनी।

UP News:गुलमोहर ग्रीन्स अवैध निर्माण,हाईकोर्ट ने दिए दो टावर ध्वस्त करने के आदेश।