नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। लड़कियों के माध्यम से जाल में फंसाकर (हनी ट्रैप) उगाही करने वाले गिरोह में शामिल सिपाही प्रदीप कुमार ने अपने ही बहनोई को शिकार बना लिया। सिपाही ने बहनोई का मोबाइल नंबर गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराया और फिर जाल में फंसाकर 25 लाख रुपये मांगे।
15 लाख रुपये वसूलने के बाद 10 लाख रुपये और देने का दबाव बनाया तो बहनोई ने क्राइम ब्रांच में शिकायत कर दी। पुलिस ने प्रदीप समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह के काले कारनामों से पर्दा उठाया। सरगना समेत अन्य कई आरोपियों की तलाश जारी है। प्रदीप सोनीपत (हरियाणा) के गांव फरमाना का रहने वाला है।