सस्ता हो सकता है पेट्रोल और डीजल

नई दिल्ली, एजेंसी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में गिरावट के मद्देनजर पेट्रोल व डीजल की कीमतों में इस सप्ताहांत लगभग एक रुपये प्रति लीटर की और कटौती की संभावना है। अगस्त के बाद से पेट्रोल के दाम में यह सातवीं कटौती होगी। वहीं डीजल कीमतों को पिछले महीने नियंत्रणमुक्त किए जाने के बाद यह तीसरी कटौती होगी।
सार्वजनिक क्षेत्र की खुदरा कंपनी इंडियन आयल कारपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन (बीपीसीएल) तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) अब हर पखवाड़े (महीने की पहली व 16वीं तारीख को) पेट्रोल व डीजल के दाम की समीक्षा करती हैं। यह समीक्षा शनिवार को होनी है।
सूत्रों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में गिरावट का मौजूदा दौर जारी रहता है, तो पेट्रोल-डीजल के दाम और घट सकते हैं। एक नवंबर को पेट्रोल के दाम में 2.41 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। इसी दिन डीजल के दाम में 2.25 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत इस समय 64.25 रुपये प्रति लीटर है।
अगस्त से लेकर अब तक पेट्रोल के दाम में कुल मिलाकर 9.36 रुपये प्रति लीटर की कटौती की जा चुकी है। इसी तरह डीजल के दाम में पांच साल से अधिक समय में पहली बार, 19 अक्टूबर को 3.37 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई, जबकि सरकार ने इसे नियंत्रणमुक्त करने का फैसला किया। इसके बाद एक नवंबर को डीजल के दाम और कटौती हुई और इस समय इसकी कीमत 53.35 रुपये प्रति लीटर है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल के दाम में तीसरे दिन भी गिरावट आई और यह 82 सेंट घटकर 80.85 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

Related posts

दनकौर में कल बसपा की जनसभा, विधानसभा उम्मीदवार सतवीर नागर के नाम का हो सकता है,ऐलान

मोदी चीनी कंपनी का प्रचार कर रहे है – लालू

भाजपा नेता के घर और ऑफिस पर आयकर के छापे