काबुल हवाई अड्डे पर आतंकवादी हमला, सभी आतंकी ढेर

काबुल:,एजेंसी।  अफगानिस्तान में काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (केआईए) की नजदीकी इमारत पर गुरुवार को तालिबानी आतंकवादियों ने हमला किया, लेकिन हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में सभी हमलावर मारे गए।

आंतरिक मंत्रालय के अधिकारी मोहम्मद अयूब सालंगी ने घटनास्थल पर मीडिया को बताया, पांच आतंकवादियों ने हवाई अड्डे के सैन्य ठिकाने वाले हिस्से पर हमला किया, लेकिन सभी हमलावर मारे गए।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, उन्होंने बताया कि एक आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदे वाहन को सुबह 4:20 बजे हवाई अड्डे के पास उड़ा दिया, जिससे अन्य आतंकवादी हवाई अड्डे में दाखिल हो गए। हालांकि, सुरक्षा बलों ने फौरन इसका जवाब दिया और सभी आतंकवादियों को कुछ घंटे की कार्रवाई के दौरान मार गिराया।

सालंगी ने कहा, सुरक्षा बलों, आम नागरिकों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है। इस बीच, एक प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद अजीम ने कहा कि उसने इलाके में एक एंबुलेंस को कुछ घायल लोगों को ले जाते हुए देखा।

उसने यह भी बताया कि आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प पांच घंटे तक चली। आतंकवादियों ने हवाई अड्डे के नजदीक निर्माणाधीन इमारत में गोलीबारी शुरू कर दी। एक रॉकेट हवार्इ अड्डे के सैन्य परिसर के भोजन कक्ष में गिरा, लेकिन किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

यह पिछले दो सप्ताहों में काबुल हवाई अड्डे के सैन्य परिसर में हुआ तीसरा हमला है, लेकिन गुरुवार को हुआ हमला इनमें सबसे बड़ा है। पुलिस अधिकारी ने शिन्हुआ को बताया, एक आतंकवादी ने परिसर के बाहर कार बम को उड़ा दिया, जहां कई निर्माणाधीन इमारत मौजूद हैं। इस विस्फोट में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया और अन्य आतंकवादियों ने एक इमारत को कब्जे में ले लिया।

हमले के कुछ देर बाद खुद को तालिबान का प्रवक्ता बताने वाले जबीउल्लाह मुजाहिद ने किसी अज्ञात स्थान से मीडिया को फोन कर घटना की जिम्मेदारी ली।

Related posts

नोएडा पुलिस ने किया फर्ज़ी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ लोन देने के नाम पर करते थे धोखाधड़ी 

नोट बदलने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, बिसरख पुलिस द्वारा 3 अभियुक्त गिरफ्तार

बाप-बेटे ने बनाई थी लूट कंपनी, पुलिस मुठभेड़ मे बेटे को लगी गोली