भारत दौरे पर अमेरिकी विदेशमंत्री कैरी, सुषमा स्वराज से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली, एजेंसी

अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन कैरी अपनी भारतीय समकक्ष सुषमा स्वराज के साथ गुरुवार को यहां पांचवें वार्षिक भारत-अमेरिका रणनीतिक वार्ता की अध्यक्षता करेंगे।

कैरी ने बुधवार को कहा था कि अमेरिका, भारत सरकार के साथ ‘हाथ से हाथ’ मिला कर काम करने के लिए तैयार है।

कैरी बुधवार को तीन दिवसीय भारत दौरे पर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। गुरुवार को सुषमा से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात करेंगे।

कैरी के साथ भारत पहुंचे अमेरिकी प्रतिनिधि मंडल में वाणिज्य मंत्री पेनी प्रिट्जकर और विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता जेन साकी भी मौजूद हैं। वह शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

केरी ने बुधवार शाम को भारतीय व्यवसायियों से मुलाकात की। 26 मई को भारत में नई सरकार के गठन के बाद बराक ओबामा प्रशासन के साथ मंत्री स्तर की यह पहली बैठक है।

केरी ने बुधवार को ‘इकोनोमिक टाइम्स’ में अपने आलेख में लिखा कि भारत व अमेरिका की दीर्घकालीन साझेदारी महत्वपूर्ण दौर से गुजर रही है और भारत को आर्थिक एवं रणनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उनका देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के साथ मिलकर काम करेगा।

Related posts

हिंडन एयरबेस से राहत सामग्री लेकर काठमांडू रवाना हुआ C-17 ग्लोबमास्टर

रक्षाबंधन पर योगी सरकार की बड़ी सौगात, बहनों के लिए रोडवेज बस यात्रा की गई मुफ्त।

फेमस होने के लिए कार पर बनाए थे करीब 3400 किस के निशान ,सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने काटा चालान।